



नवगछिया। “चुनाव चोर – गद्दी छोड़, बदलो सरकार – बदलो बिहार” के नारे के साथ इंडिया (महागठबंधन) के आह्वान पर आयोजित वोटर अधिकार यात्रा, जिसमें राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड दीपांकर भट्टाचार्य सहित कई राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय नेता शामिल होंगे, भागलपुर और नवगछिया में सफल बनाने को लेकर नवगछिया प्रखंड के प्रमुख माले कार्यकर्ताओं की बैठक की गई। बैठक में व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को इस यात्रा में शामिल कराने पर जोर दिया गया।
इस मौके पर भाकपा माले के नवगछिया प्रखंड सचिव गौरीशंकर राय ने कहा कि वोटर अधिकार यात्रा महज यात्रा नहीं है, बल्कि यह बिहार में भाजपा-जदयू सरकार द्वारा चुनाव आयोग को आगे कर वोटों की चोरी करने और लाखों वोटरों को उनके मताधिकार से वंचित करने की साजिश के खिलाफ जनांदोलन का शंखनाद है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के जरिए भाकपा माले कमाई, दवाई, पढ़ाई, सामाजिक न्याय और वास-आवास के अधिकार को लेकर संघर्षरत है।

उन्होंने बताया कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर गरीब परिवारों को 2 लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी। विधवा और वृद्धा पेंशन 1500 रुपये प्रतिमाह दी जाएगी और हर वर्ष 200 रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी। माइक्रोफाइनेंस कंपनियों पर नियंत्रण, मनरेगा मजदूरी 300 रुपये प्रतिदिन, ‘माई-बहन मान योजना’ के तहत महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये, बटाईदारों का पंजीकरण और उन्हें सरकारी सुविधाओं का लाभ, हर नागरिक को 25 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज, सामाजिक कल्याण का अधिकार, आरक्षण की सीमा बढ़ाकर 65 प्रतिशत लागू करने, भूमिहीनों को 5 डिसमिल जमीन और हर प्रखंड में 500 परिवारों के लिए आवासीय कॉलोनी की व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में प्रमुख रूप से भाकपा माले नवगछिया प्रखंड सचिव गौरीशंकर राय, प्रखंड कमिटी सदस्य रवि मिश्र, गुरुदेव सिंह, वकील मंडल, राधेश्याम रजक, जयप्रकाश शर्मा, रामचरण मंडल, ईश्वर मंडल, मुन्ना मंडल, बालेश्वर ठाकुर, राजकिशोर यादव, अमीर राम, विभूति, मनोरंजन शर्मा, नगीना, वीरेंद्र, पूरण मंडल, बीरबल मंडल, शंकर मंडल, बाबूलाल सिंह समेत दर्जनों कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे।















