



नवगछिया : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और महागठबंधन के तमाम वरिष्ठ नेताओं के नवगछिया आगमन को लेकर राजद प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने बिहपुर के बहुजन केंद्र में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 22 अगस्त 2025 को होने वाली “वोटर अधिकार यात्रा” को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए महागठबंधन के कार्यकर्ताओं द्वारा जोर-शोर से तैयारी की जा रही है। राजद और महागठबंधन के कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं।

प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने कहा कि यात्रा को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। यह यात्रा अभूतपूर्व और ऐतिहासिक होगी। उन्होंने दावा किया कि केवल बिहपुर विधानसभा क्षेत्र से ही 10 हजार से अधिक लोग यात्रा में शामिल होंगे और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी तथा वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी का स्वागत करेंगे। उन्होंने भाजपा और चुनाव आयोग पर मिलीभगत कर वोट चोरी करने का आरोप लगाया और कहा कि बिहार की जनता किसी भी कीमत पर लोकतंत्र विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि नीतीश-भाजपा सरकार में अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, हर साल लगभग 4 करोड़ लोग बिहार से रोजगार और रोजी-रोटी के लिए पलायन कर रहे हैं। नीतीश सरकार से जनता नाराज़ है और बदलाव चाहती है। जनता की पहली पसंद अब तेजस्वी यादव बन चुके हैं।

राजद नेता गौतम कुमार प्रीतम ने कहा कि भाजपा सत्ता पाने के लिए वोट चोरी जैसे शॉर्टकट का सहारा ले रही है। बिहार लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की जननी है, यहां मनुवादी ताकतों को जगह नहीं मिलेगी।
राजद जिलाध्यक्ष अलख निरंजन पासवान ने बताया कि महागठबंधन के सभी नेता, कार्यकर्ता और आम जनता इस यात्रा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लाखों की संख्या में महिला-पुरुष, छात्र-नौजवान, किसान और मजदूर यात्रा में शामिल होंगे।
संवाददाता सम्मेलन में सीपीआई नेता कॉमरेड निरंजन चौधरी, युवा राजद के प्रधान महासचिव महमूद ग़ज़नवी, कलीम खां, नसीब रविदास, विजय पंडित, दीपक दिवान और बुलो पासवान भी उपस्थित थे।














