



नवगछिया में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन, बिहार सरकार की मंत्री रेणु देवी एवं विधायक इंजीनियर शैलेन्द्र ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विभिन्न विकास योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की।
प्रेस वार्ता के दौरान सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार सरकार और केंद्र सरकार, दोनों मिलकर राज्य के सर्वांगीण विकास की गति को लगातार बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी को गांव-गांव में व्यापक समर्थन प्राप्त है और लोगों को उनके नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास है।

उन्होंने नवगछिया में बन रहे महत्वपूर्ण रेलवे ओवरब्रिज का उल्लेख करते हुए कहा कि यह ओवरब्रिज शीघ्र ही आमजनों को समर्पित कर दिया जाएगा। शाहनवाज हुसैन ने यह भी कहा कि चाहे कोई भी इसका श्रेय लेना चाहे, लेकिन नवगछिया की जनता जानती है कि इस ओवरब्रिज की शुरुआत किसके प्रयास से हुई थी। इसके चालू हो जाने के बाद नवगछिया में जाम की समस्या से निजात मिलेगी और विकास की रफ्तार और तेज होगी।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही खगड़िया से पूर्णिया के बीच फोरलेन सड़क की स्वीकृति प्राप्त कर कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय संपर्क और बेहतर होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवगछिया की दोनों विधानसभा सीटें—गोपालपुर और बिहपुर—इस बार एनडीए गठबंधन के खाते में जाएंगी।
मंत्री रेणु देवी ने सरकार की नीतियों और महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण के प्रति सजग है। उन्होंने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी।

रेणु देवी ने सैयद शाहनवाज हुसैन की भूमिका की भी सराहना की और कहा कि पिछले 11 वर्षों से बिना किसी जनप्रतिनिधि पद के रहने के बावजूद उनका नवगछिया और भागलपुर से गहरा जुड़ाव यह दर्शाता है कि वे जनता के हित में सदैव सक्रिय रहते हैं। इसी कारण वे जनप्रिय नेता बने हुए हैं।
विधायक इंजीनियर शैलेन्द्र ने कहा कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में नवगछिया अनुमंडल की दोनों विधानसभा क्षेत्रों में चौमुखी विकास हुआ है।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री अनिल ठाकुर, जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ निषाद, संतोष साह, सुबोध कुशवाहा, मुकेश राणा, गुलाबी सिंह, रंजीत झा, कौशल जायसवाल, आलोक बंटू, श्रीकांत कुशवाहा, नीतेश सिंह, प्राणिक वाजपेयी, विक्रम सिंह, सुबोध यादव, गौरव सिंह, कुणाल गुप्ता, सज्जन भारद्वाज, प्रभु प्रिंस, दिलीप सिंह सहित कई अन्य कार्यकर्ता और नेता उपस्थित रहे।













