



ग्रामीणों की बहादुरी से टली बड़ी जनहानि
चुनावी मौसम में फिर उठे सड़क मरम्मत पर सवाल
नवगछिया पुलिस जिला के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भिट्ठा गांव से नवगछिया को जोड़ने वाली जर्जर ग्रामीण सड़क पर बुधवार की देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

जानकारी के अनुसार घायल युवकों को लेकर जेएलएनएमसीएच भागलपुर जा रही एक एम्बुलेंस अचानक सड़क पर बने गड्ढे में फंसकर अनियंत्रित हो गई और पलट गई। पलटते ही वाहन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई और कुछ ही मिनटों में एम्बुलेंस पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई।

इसी दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए चालक और घायलों को जलती एम्बुलेंस से बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़ा जनहानि का खतरा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन की टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक एम्बुलेंस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण सड़कों की बदहाली को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन गड्ढों और टूटी-फूटी सड़कों के कारण हादसे हो रहे हैं। चुनावी मौसम नज़दीक है, लेकिन अब भी सवाल जस का तस है—क्या सरकार इन ग्रामीण सड़कों की सुध लेगी या फिर जनता हादसों की तपिश में यूं ही जलती रहेगी?













