



नवगछिया : मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग, नवगछिया की टीम ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गरीबदास ठाकुरबाड़ी कॉलोनी में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में 115 कार्टन में रखे गए कुल 1270 लीटर कोडीन कफ सिरप जब्त किए गए हैं।
इस संबंध में मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग नवगछिया के निरीक्षक प्रमोद कुमार ने जानकारी दी कि यह सिरप एक किराए के मकान में छिपाकर रखा गया था। विभाग को जब इस संबंध में गुप्त सूचना मिली तो तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान कमरे से यह भारी मात्रा में प्रतिबंधित सिरप बरामद हुआ।

हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही आरोपी कारोबारी मौके से फरार हो गया। विभाग ने इस मामले में नवगछिया थाना क्षेत्र के मनियामोड़ निवासी मंजीत कुमार, पिता जगदीश साह को मुख्य अभियुक्त बनाया है। जानकारी के अनुसार, मंजीत कुमार पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट (मादक द्रव्य और psychotropic पदार्थ नियंत्रण अधिनियम) के तहत जेल जा चुका है।

प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह मामला न केवल अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को उजागर करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि नवगछिया क्षेत्र में नशे के कारोबार की जड़ें कितनी गहरी हैं। स्थानीय प्रशासन और मद्य निषेध विभाग की यह कार्रवाई सराहनीय मानी जा रही है, लेकिन साथ ही यह मांग भी उठ रही है कि ऐसे मामलों में सख्त निगरानी और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि समाज को नशे के खतरे से बचाया जा सके।
















