



नवगछिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर खरीक थाना क्षेत्र में घटी लूट की बड़ी घटना का सफल उद्भेदन कर लिया है। जानकारी के अनुसार 3 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे खरीक थाना को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामीण सड़क गोटखरीक के पास 3-4 अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर दो पिकअप चालकों से नगद राशि, मोबाइल फोन और पिकअप में लदी अनार की पेटियां लूट ली हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने तत्काल एक विशेष टीम गठित की। इस टीम में खरीक थाना के पदाधिकारी एवं डीआईयू टीम को शामिल किया गया। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना का सहारा लेकर महज कुछ ही घंटों में कार्रवाई करते हुए 8 पेटी अनार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को पंचायत भवन खरीक परिसर से बरामद कर लिया।
इस दौरान पुलिस ने कांड में शामिल अपराधकर्मी खरीक थाना क्षेत्र के भवनपुरा निवासी राजश्री भूषण, पिता दिगंबर भूषण को नवगछिया जीरोमाइल से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 80 किलो अनार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गई। पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार अपराधकर्मी ने स्वीकार किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

इस संबंध में खरीक थाना कांड संख्या 269/25, धारा 309(6) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस फरार सह-अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।
इस विशेष अभियान में खरीक थानाध्यक्ष पुनि नरेश कुमार, परिपुअनि सौरभ कुमार, पुअनि अमित कुमार, नवगछिया प्रभारी डीआईयू और सशस्त्र बल के जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखा जा सके।














