



नवगछिया : पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत मद्य निषेध कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर नवगछिया पुलिस द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मद्य निषेध के विरुद्ध एक बड़ी कार्रवाई करते हुए झंडापुर थाना क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 जनवरी 2026 को मद्य निषेध इकाई, बिहार पटना से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर झंडापुर थाना पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। इस दौरान थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 स्थित श्रवण लाइन होटल में छापेमारी कर कुल 3204.36 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। इसके अतिरिक्त होटल के बाहर खड़ी एक कार (पंजीकरण संख्या BR10AG9186) से 45 लीटर विदेशी शराब भी बरामद की गई। इस प्रकार कुल 3249.36 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई।

छापेमारी के दौरान उक्त कार में सवार दो शराब तस्करों नमन कुमार एवं प्रशांत कुमार को मौके से गिरफ्तार किया गया। साथ ही शराब तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
इस संबंध में झंडापुर थाना कांड संख्या 17/26, दिनांक 25 जनवरी 2025 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के अंतर्गत होटल एवं कार मालिक सहित कुल छह नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में संलिप्त अन्य फरार शराब तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
नमन कुमार, पिता – संजीव चौधरी, निवासी – झंडापुर थाना क्षेत्र, जिला भागलपुर।
प्रशांत कुमार, पिता – संजीव चौधरी, निवासी – झंडापुर थाना क्षेत्र, जिला भागलपुर।
बरामदगी का विवरण
विदेशी शराब – 3249.36 लीटर
कार – 01
मोबाइल फोन – 02
छापेमारी दल में शामिल पदाधिकारी
पुलिस अवर निरीक्षक सह थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार, झंडापुर थाना।
पुलिस अवर निरीक्षक अजीत कुमार, झंडापुर थाना।
सहायक अवर निरीक्षक उमेश कुमार सिन्हा, झंडापुर थाना।
सशस्त्र बल, झंडापुर थाना।
नवगछिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मद्य निषेध कानून के सख्त एवं प्रभावी अनुपालन के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
















