



नवगछिया प्रमंडल अंतर्गत बाढ़ सुरक्षा को लेकर जल संसाधन विभाग द्वारा संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी और आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। विभागीय अधिकारी संभावित खतरे की आशंका को देखते हुए युद्धस्तर पर बाढ़ संघर्षात्मक कार्य में जुटे हुए हैं, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

भागलपुर जिला के गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत ब्रहमोतर बांध की सुरक्षा को लेकर जिला आपदा शाखा से प्राप्त निदेश तथा वरीय पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, नवगछिया द्वारा आवश्यक बाढ़ संघर्षात्मक कार्यों को समय रहते पूर्ण कर लिया गया है। इससे बांध क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया गया है।
इसी प्रकार खरीक प्रखंड अंतर्गत गंगा नदी के बाएं तट पर स्थित काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल बांध की मजबूती के लिए आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण कर लिया गया है और वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है।
हालांकि गोपालपुर प्रखंड के इस्माइलपुर बिंदटोली तटबंध के अंतिम छोर पर स्थित स्पर संख्या 09 पर गंगा नदी के अत्यधिक दबाव और अंडर माइनिंग के कारण डाउनस्ट्रीम सैंक की दिशा में लगभग 60 मीटर लंबाई में स्पर धंस गया है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए अधीक्षण अभियंता, भागलपुर, मुख्य अभियंता, कटिहार, अध्यक्ष–बाढ़ संघर्षात्मक बल, भागलपुर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।

फिलहाल स्थल पर बाढ़ संघर्षात्मक कार्य प्रगति पर है तथा कटाव की गति को रोकने के लिए सभी आवश्यक उपाय युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं। साथ ही अन्य संभावित प्रभावित स्थलों पर भी विभाग की सक्रियता बनी हुई है। क्षेत्रीय पदाधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावशाली प्रतिक्रिया दी जा सके।














