



रेल जीआरपी थानाध्यक्ष की तत्परता से युवक की बची जान
नवगछिया : बरौनी-कटिहार रेलखंड के नवगछिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या- 2 पर शुक्रवार को सुबह लगभग 9:30 बजे उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब यात्री शेड के बैंच पर बैठे एक युवक ने अचानक गमछे का फंदा बनाकर जान देने का प्रयास किया। नवगछिया रेल जीआरपी थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी की चतुराई के कारण युवक की जान बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक किशनगंज जिला के गलगलिया थाना क्षेत्र के जोगीटोला गांव का निवासी श्रवण हांसदा पिता: कांद्रा हांसदा, 36 वर्ष का है, जो परदेस में मजदूरी करता है। वह काम करके घर लौट रहा था और शुक्रवार को सुबह किसी ट्रेन से नवगछिया रेलवे स्टेशन पर उतरा। वह प्लेटफॉर्म संख्या- 2 पर बने यात्री शेड में बैंच पर अन्य यात्रियों के बीच बैठा था। अचानक उठकर उसने अपना गमछा लोहे के पाइप से प्रयास किया। यह देखकर उसके पास बैठे अन्य यात्रियों में हड़कंप मच गया और वे वहाँ से भागने लगे।

इस बीच, प्लेटफॉर्म संख्या- 1 पर खड़े जीआरपी थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी की नजर युवक पर पड़ी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए दौड़कर रेल ट्रैक पार कर मौके पर पहुँचकर गमछा काटकर युवक को नीचे उतारा। युवक अपनी पहचान स्पष्ट नहीं बता पा रहा था। पास में मिले मोबाइल से एक नंबर पर संपर्क कर उसे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा गया। युवक के पास एक थैले और बैग में फटे पुराने कपड़े के साथ एक मोबाइल था, जिससे उसकी पहचान हुई।
नवगछिया रेल थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि युवक मानसिक रूप से कमजोर है और वह घर से भटककर यहाँ आया है। अंततः, देर शाम युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।













