


नवगछिया रेलवे स्टेशन पर रविवार को ट्रेनों की भारी लेटलतीफी देखने को मिली, जिससे यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लंबी दूरी की प्रीमियम और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंचीं, जिसके कारण स्टेशन परिसर में यात्रियों की भीड़ लगी रही और लोगों में नाराजगी देखी गई।
पटना से न्यू जलपाइगुड़ी जाने वाली 22234 वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय 16:26 बजे के बजाय लगभग दो घंटे विलंब से नवगछिया स्टेशन पहुंची। वहीं न्यू जलपाइगुड़ी से दिल्ली जाने वाली 12423 राजधानी एक्सप्रेस सुबह 5:08 बजे के निर्धारित समय से करीब दो घंटे देरी से स्टेशन पहुंची।
सबसे अधिक विलंब 15706 हमसफर एक्सप्रेस में दर्ज किया गया। यह ट्रेन शनिवार को नवगछिया पहुंचने वाली थी, लेकिन रविवार को अपराह्न 16:41 बजे स्टेशन पहुंची। इस प्रकार यह ट्रेन लगभग 19 घंटे की भारी देरी से चली।
इसके अलावा 12488 सीमांचल एक्सप्रेस सुबह 3:38 बजे स्टेशन पहुंची, जो लगभग दो घंटे विलंब से थी। 12506 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस सुबह 2:42 बजे नवगछिया पहुंची और यह भी करीब दो घंटे देरी से चली। 13246 कैपिटल एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 3 घंटे 30 मिनट विलंब से सुबह 4:54 बजे स्टेशन पहुंची। 15910 अवध-आसाम एक्सप्रेस दिन के करीब 11 बजे नवगछिया पहुंची, जो लगभग तीन घंटे लेट थी। वहीं 15654 अमरनाथ एक्सप्रेस सुबह 7:46 बजे स्टेशन पहुंची, यह ट्रेन करीब सात घंटे की देरी से आई।
लगातार ट्रेनों के विलंब से यात्रियों में गहरा असंतोष देखा गया। यात्रियों का कहना है कि ठंड और घने कोहरे के साथ-साथ परिचालन कारणों से ट्रेनों का समय पूरी तरह बिगड़ गया है। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से ट्रेनों की समयबद्धता सुधारने और सही व समय पर जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके।












