



नवगछिया।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार को तकनीकी खराबी के कारण नवगछिया रेलवे स्टेशन पर एक घंटे से अधिक समय तक खड़ी रही, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। सिलीगुड़ी जंक्शन से पटना जा रही यह ट्रेन कटिहार जंक्शन से बाद एक गाय से टकरा गई थी। इस घटना के बाद ट्रेन किसी तरह कटिहार स्टेशन से आगे बढ़ी और नवगछिया स्टेशन पहुंची, जहां उसमें तकनीकी समस्या सामने आई।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, पशु से टकराने के कारण ट्रेन के कुछ महत्वपूर्ण तकनीकी हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए थे। इससे ट्रेन का संपीड़न तंत्र प्रभावित हुआ, जिसके चलते उसे नवगछिया स्टेशन पर करीब एक घंटा दो मिनट तक रोकना पड़ा। अचानक ट्रेन रुक जाने से प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ लग गई और लोग अपनी आगे की यात्रा को लेकर चिंतित नजर आए।

यात्रियों का कहना है कि वंदे भारत जैसी तेज और आधुनिक ट्रेन से इस तरह की परेशानी की उम्मीद नहीं थी। कई यात्रियों ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। एक यात्री ने बताया कि उसे आगे विमान यात्रा करनी थी, लेकिन ट्रेन के विलंब के कारण उसकी योजना प्रभावित हो गई। वहीं कुछ अन्य यात्रियों का कहना था कि हाईटेक ट्रेन होने के बावजूद इस प्रकार की घटनाएं चिंता का विषय हैं।

सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मचारी नवगछिया स्टेशन पर पहुंचे और खराबी को दूर करने में जुट गए। आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
इस घटना के बाद रेलवे ट्रैक पर पशुओं की आवाजाही और सुरक्षा इंतजामों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। यात्रियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे को ट्रैक के आसपास बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और यात्रियों की यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे।
















