


नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में बिहपुर स्थित सर्वोदय मैदान में नवगछिया टी-20 क्रिकेट लीग के प्रथम सेमीफाइनल मुकाबले का आयोजन किया गया। रोमांचक मुकाबले में सनलाइट नारायणपुर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लत्तीपुर टीम को 50 रन से पराजित कर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।
संघ के संयोजक घनश्याम प्रसाद एवं संयुक्त सचिव मो. इबरार आलम ने बताया कि पहले बल्लेबाजी करते हुए सनलाइट नारायणपुर टीम ने निर्धारित ओवरों में 178 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से इकरामुल ने 28 रन, सैयद ने 21 रन तथा गौतम ने 30 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लत्तीपुर टीम निर्धारित ओवरों में 128 रन ही बना सकी। टीम की ओर से सौरभ ने सर्वाधिक 46 रन बनाए, जबकि सत्यम ने 17 और नीतीश ने 15 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम जीत से दूर रह गई।
मैच में अंपायर की भूमिका मोहम्मद सोहेल एवं अभिषेक कुमार ने निभाई। वहीं स्कोरिंग का जिम्मा आर्यन कुमार ने संभाला, जबकि आनंद और सौरव कुमार ने कमेंट्री कर मैच का रोमांच बढ़ाया। मुकाबले के बाद खिलाड़ियों और दर्शकों में फाइनल को लेकर उत्साह देखा गया।













