


नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला क्रिकेट संघ के तत्वाधान में बिहपुर प्रखंड स्थित मधुसूदन सर्वोदय उच्च विद्यालय के मैदान पर नवगछिया T20 क्रिकेट लीग का चौथा मुकाबला आयोजित किया गया। यह मुकाबला नवगछिया सीनियर टीम और बिहपुर सीनियर टीम के बीच खेला गया, जिसमें बिहपुर सीनियर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की।
संघ के संयोजक घनश्याम प्रसाद और संयुक्त सचिव मोहम्मद इबरार आलम ने बताया कि टॉस जीतकर नवगछिया सीनियर टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवरों में नवगछिया सीनियर टीम ने 177 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से राजकुमार ने शानदार 61 रन की पारी खेली, जबकि साजिद ने 52 और रमन सिंह ने 23 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहपुर सीनियर टीम ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 179 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। बिहपुर की ओर से आसिफ रजा ने बेहतरीन 70 रन की पारी खेली। इसके अलावा मिलन सिन्हा ने 38, मुकर्रम अली ने 29 और मोहम्मद शहाबुद्दीन ने 15 रन का योगदान दिया। बिहपुर सीनियर टीम ने एक ओवर चार गेंद शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल कर मुकाबला आसानी से जीत लिया।
मैच में अंपायर की भूमिका मोहम्मद शोएब आलम और मोहम्मद सोहेल आलम ने निभाई, जबकि कमेंट्री ईमान अली द्वारा की गई। मैच के मुख्य अतिथि के रूप में क्रिकेट संघ के जिला उपाध्यक्ष बैजनाथ झा उर्फ बैजू राजा, मिथिलेश कुमार और रेलवे अधिकारी मोहम्मद अफरोज उपस्थित रहे।
संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों की शानदार बल्लेबाजी और अनुशासनिक खेल की सराहना की और सभी टीमों को आगामी मैचों के लिए शुभकामनाएं दी।












