


नवगछिया के वरिष्ठ समाजसेवी आत्माराम चौधरी के निधन से नवगछिया सहित पूरे भागलपुर जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। वे लंबे समय से बीमा क्षेत्र से जुड़े रहकर आम और खास लोगों के बीच सेतु का कार्य करते हुए समाजसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे थे।
उनके निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में आमजन एवं शहर के गणमान्य लोग उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने उनके सामाजिक कार्यों और सादगीपूर्ण जीवन को याद करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की।
स्व. चौधरी का अंतिम संस्कार स्थानीय तीनतंगा घाट पर संपन्न हुआ, जहां आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग अंतिम विदाई देने पहुंचे। पूरे वातावरण में गमगीन माहौल बना रहा।
वे भगवान महादेव के परम भक्त थे तथा आठ भाइयों में सबसे बड़े होने के कारण परिवार के अभिभावक एवं मार्गदर्शक की भूमिका निभाते रहे। उनके विस्तृत परिवार में कई सदस्य उच्च पदों पर आसीन हैं, वहीं कई लोग बड़े व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और समाजसेवा में सक्रिय हैं।
उन्होंने अपने पांचों बच्चों को उच्च संस्कार एवं जीवन मूल्यों से जोड़ते हुए एक आदर्श पारिवारिक परंपरा स्थापित की। उनका जीवन सादगी, अनुशासन और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा, जिसके कारण उन्हें समाज में विशेष सम्मान प्राप्त था।
उनके निधन को परिवारजनों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने अपूरणीय क्षति बताया है।















