


जनवरी में चला था अतिक्रमण हटाओ अभियान, कुछ ही समय में फिर बसने लगी अवैध दुकानें
नवगछिया। नवगछिया में रेलवे की जमीन पर एक बार फिर अतिक्रमण बढ़ने लगा है। जनवरी माह में प्रशासन और रेलवे की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर नवगछिया स्टेशन से सब्जी मंडी तक कई अवैध दुकानें और झोपड़ियां हटाई गई थीं, लेकिन कुछ ही समय बाद स्थिति फिर पहले जैसी होती नजर आ रही है।
अभियान के दौरान नवगछिया के बीडीओ पंकज कुमार, आरपीएफ के मुन्ना कुमार पासी और बिहपुर थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष अविनाश कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद थे। उस समय कई लोगों के अस्थायी घर और दुकानें भी हटाई गई थीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अब फिर से रेलवे की जमीन पर मिट्टी भराई कर अवैध कब्जा किया जा रहा है। सड़क किनारे दुकानें सजाई जाने लगी हैं और कई लोग सड़क पर ही कब्जा कर दुकान चला रहे हैं, लेकिन इसे देखने वाला कोई नहीं है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गया है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो रेलवे की जमीन पर फिर से बड़े पैमाने पर अवैध कब्जा हो सकता है।
वहीं इस संबंध में आरपीएफ के मुन्ना कुमार पासी ने बताया कि मामले की जानकारी आईओडब्ल्यू को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।















