



बंगाल से महाराष्ट्र तक यात्रा होगी आसान
नवगछिया : कटिहार–बरौनी रेलखंड के नवगछिया रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम को अलीपुरद्वार–पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का भव्य स्वागत किया गया। स्टेशन पर रेल कर्मियों ने डीसीआई रविकांत कुमार, स्टेशन अधीक्षक अनिल चौरसिया, रेलवे सुरक्षा बल निरीक्षक मुन्ना कुमार, रेल सलाहकार सदस्य मुकेश राणा, यातायात निरीक्षक नीरज कुमार, सीनीयर सेक्शन इंजीनियर विधुत प्रतिवत कुमार, राजीव रंजन, विपीन कुमार, अनिल पंडित सहित अन्य कर्मियों ने ट्रेन के लोको पायलट बालेन्द्र कुमार और सहायक लोको पायलट कृष्ण कुमार गुप्ता का फूलमाला और बुके से स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर खुशी का इज़हार किया।

विदित हो कि अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया। यह स्पेशल ट्रेन संख्या 01032 शनिवार को सिलीगुड़ी से कटिहार होते हुए नवगछिया स्टेशन पर पहुंची, जहां रेल यात्रीगण भी उत्साह और खुशी से उपस्थित रहे।
नवगछिया स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव से कोसी–अंग क्षेत्र के हजारीं रेल यात्रियों के लिए रेल यात्रा और अधिक सुविधाजनक हो गई है। पनवेल–अलीपुरद्वार सप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 11031/11032 को मंजूरी दी गई है। यह ट्रेन बंगाल से महाराष्ट्र तक सीधी और आधुनिक कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।

रेल यात्रियों ने इस जनहितकारी सौगात पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। यह ट्रेन नियमित रूप से परिचालित होगी, जिसमें ट्रेन संख्या 11031 पनवेल–अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को खुलेगी और ट्रेन संख्या 11032 अलीपुरद्वार–पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को चलेगी।

यह ट्रेन कल्याण, नासिक रोड, इटारसी, जबलपुर, मानिकपुर प्रयागराज, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, हाजीपुर हसनपुर रोड, खगड़िया, नवगछिया, कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी, सिलीगुड़ी होते हुए अलीपुरद्वार तक परिचालित होगी।

रेल सलाहकार सदस्य मुकेश राणा ने बताया कि नवगछिया स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव क्षेत्र के विकास, रोजगार, व्यापार, शिक्षा और भविष्य में पर्यटन के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के विकास के दृष्टिकोण का प्रमाण है।
इस नई सुविधा से कोसी–अंग क्षेत्र के लोग अब महाराष्ट्र और बंगाल की यात्रा में आधुनिक कोच और बेहतर आराम का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।













