



भागलपुर। नव वर्ष के स्वागत में जहां शहर के होटल, रेस्टोरेंट और विवाह भवनों में लोग जश्न मनाने में जुटे रहे, वहीं भागलपुर में एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। 31 दिसंबर की रात प्राची सेवा ट्रस्ट के बैनर तले सोशल मीडिया सेंसेशन और फिल्म अभिनेत्री संचिता बसु ने अपने परिवार के साथ सड़क किनारे रात गुजारने वाले जरूरतमंदों और रिक्शा चालकों के बीच कंबल एवं भोजन का वितरण कर नए साल का स्वागत किया।

अभिनेत्री संचिता बसु ने तिलकामांझी, आदमपुर, घंटाघर, कोतवाली सहित शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर ठंड से जूझ रहे लोगों की मदद की। दर्जनों जरूरतमंदों को कंबल और भोजन उपलब्ध कराकर उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया गया। इस मानवीय पहल से सर्द रात में बेसहारा लोगों को बड़ी राहत मिली।

इस अवसर पर संचिता बसु ने कहा कि नए साल की खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचे। जरूरतमंदों के साथ समय बिताकर और उनकी मदद कर उन्हें आत्मिक संतोष की अनुभूति होती है। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे त्योहारों और विशेष अवसरों पर जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं।
कार्यक्रम के दौरान संचिता बसु की मां वीणा देवी, पिता सुलेन्द्र कुमार, भाई अश्वनी कुमार, चंदन कुमार, जुली देवी, नीतू कुमारी और दीपक कुमार भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर सेवा कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई और जरूरतमंदों को सहायता सामग्री वितरित की।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और दूसरों को भी सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। नव वर्ष की इस पहल ने यह साबित कर दिया कि सच्चा उत्सव वही है, जिसमें मानवता और करुणा का भाव जुड़ा हो।















