



चयन परीक्षा के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 29 जुलाई
भागलपुर – जवाहर नवोदय विद्यालय नगरपारा के प्राचार्य संजय कुमार चौधरी के नेतृत्व में नवोदय चयन परीक्षा 2025 के लिए जिले भर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक योग्य छात्र-छात्राओं को इस प्रतिष्ठित परीक्षा में शामिल कराना है।

इस अभियान के तहत विद्यालय द्वारा चयन परीक्षा पंजीकरण प्रक्रिया को गति देने के लिए पंजीकरण प्रमाण पत्र भी वितरित किए जा रहे हैं। इच्छुक छात्र या उनके अभिभावक यह प्रमाण पत्र नवोदय विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.navodaya.gov.in से भी डाउनलोड कर सकते हैं।
नगरपारा स्थित नवोदय विद्यालय में एक हेल्प डेस्क पॉइंट भी स्थापित किया गया है, जहां से नवोदय चयन परीक्षा से जुड़ी हर जानकारी एवं पंजीकरण प्रक्रिया में मदद नि:शुल्क प्राप्त की जा सकती है।
विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार चौधरी ने जिले के सभी सरकारी एवं मान्यता प्राप्त प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे कक्षा पांचवीं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को इस परीक्षा में सम्मिलित कराएं।

पंजीकरण की अंतिम तिथि 29 जुलाई 2025 निर्धारित की गई है, जबकि प्रवेश परीक्षा का आयोजन 13 दिसंबर 2025 को होगा। आवेदन पूरी तरह से नि:शुल्क है।
प्रवेश परीक्षा में वही छात्र-छात्राएं शामिल हो सकते हैं जिनकी जन्मतिथि 1 अप्रैल 2014 से 31 जुलाई 2016 के बीच हो।
नवोदय विद्यालय संगठन की यह पहल ग्रामीण एवं प्रतिभावान छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम है। विद्यालय प्रशासन ने जिले के अभिभावकों से भी आग्रह किया है कि वे समय रहते अपने बच्चों का पंजीकरण अवश्य कराएं।















