


भागलपुर ।
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, नगरपारा में सोमवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचारों और योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार चौधरी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारतीय आध्यात्मिक संस्कृति को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई। उन्होंने रामकृष्ण मिशन और रामकृष्ण मठ की स्थापना कर मानव सेवा और आत्मिक जागरण का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने बताया कि विवेकानंद जयंती को देश के युवाओं में राष्ट्रभावना और आत्मविश्वास जगाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है।

कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के बीच भाषण प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विवेकानंद पर आधारित भाषण प्रतियोगिता में अभिनव आदर्श ने प्रथम, अजीत कुमार ने द्वितीय तथा रिया कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मास्टर हर्ष ने चित्रकला प्रतियोगिता में अपने उत्कृष्ट कला कौशल का प्रदर्शन करते हुए सभी को प्रभावित किया।

वक्ता अजीत कुमार ने कहा कि साधना और ध्यान का उद्देश्य अपनी आंतरिक शक्ति को जागृत करना है। उन्होंने बताया कि नरेंद्रनाथ दत्त ईश्वर, आत्मा और सत्य को विवेकपूर्ण चिंतन के बाद स्वीकार करते थे, यही गुण आगे चलकर उन्हें स्वामी विवेकानंद बनाता है।
रामकृष्ण मिशन से प्रशिक्षित मो. एम. इकबाल ने विवेकानंद के जीवन से जुड़े कई प्रेरणादायक प्रसंग विद्यार्थियों के साथ साझा किए। पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा पशुपतिनाथ पांडे द्वारा तैयार की गई थी।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षक अभिमन्यु कुमार, अभिषेक झा, खालिद अख्तर, कीर्ति एंजेला कुजूर, सरिता वर्मा, प्रियंका द्विवेदी, आर.एस. राणा, दीपक कुमार, कृष्ण सरकार, अंजलि बारोई, रितुपर्णा दास, पी.पी. भारती, एस. प्रधान, आर.के. सिंह, प्रीतम आर्या, नवनीत, शुभम सहित सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।













