



नवगछिया । पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, नगरपारा में सोमवार को राष्ट्रीय गणित दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारत के महान एवं विश्वविख्यात गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के अवसर पर किया गया। इस अवसर पर सर्वप्रथम उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की धरती पर ऐसे असाधारण प्रतिभाशाली विद्वान पैदा हुए हैं, जिन्होंने गणित के क्षेत्र में विश्व की सोच को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि श्रीनिवास रामानुजन ने गणित को केवल अंकों का खेल नहीं रहने दिया, बल्कि उसे एक आध्यात्मिक अनुभूति के स्तर तक पहुंचाया।

राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर विद्यालय में गणित से संबंधित विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता में छात्रा सृष्टि कुमारी एवं छात्र अभिषेक कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के लिए गौरव की बात यह रही कि राज्य स्तर पर आयोजित रामानुजन टैलेंट सर्च परीक्षा में विद्यालय के चार छात्रों का चयन हुआ है। गणित विषय को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि और इच्छाशक्ति जागृत करने में शिक्षक अभिमन्यु कुमार, आर.एस. राणा एवं कृष्ण सरकार निरंतर प्रयासरत रहते हैं।
इस अवसर पर बी.सी. झा, अमूल्य वर्मा, अजीत कुमार, पशुपतिनाथ पांडेय, आर.के. सिंह, नवनीत शुभम, प्रेक्षा शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन गणित के महत्व और उसके व्यावहारिक उपयोग पर प्रेरणादायक संदेश के साथ किया गया।













