



भागलपुर । पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, भागलपुर में शनिवार को मॉडल यूथ ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि पीआरओ बिहपुर काजल कुमारी, मुखिया नगरपारा अन्नपूर्णा देवी, मुखिया भवानीपुर ममता कुमारी, पंचायत सचिव सिद्धार्थ कुमार, मुखिया प्रतिनिधि पवन कुमार, पीटीसी अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद सिंह, जेएनवी मुर्शिदाबाद के उप प्राचार्य आलोक गौतम और विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार चौधरी द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई।

मॉडल यूथ ग्राम सभा भारत सरकार की एक पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं को ग्रामीण स्तर पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना है। इस आयोजन में छात्र ग्राम सभा की बैठक का अनुकरण करते हुए पंचायत की योजनाओं और निर्णय प्रक्रिया को समझते हैं। इसके साथ ही छात्र-छात्राएँ अपनी ग्राम पंचायत की विकास योजना तैयार करते हैं, जो समावेशी विकास का मॉडल प्रस्तुत करती है। देशभर में चलाए जा रहे ‘सबकी योजना, सबका विकास’ अभियान की यही व्यापक सोच है कि वास्तविक विकास जमीनी स्तर पर सुनिश्चित हो।
कार्यक्रम में शिक्षक ब्रजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में बच्चों ने शानदार प्रस्तुति दी। छात्रों ने मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य, ग्राम सचिव, डेटा ऑपरेटर और आम कार्यकर्ता की भूमिकाएँ निभाते हुए ग्राम सभा की गतिविधियों को जीवंत कर दिया। काजल कुमारी ने छात्रों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि वास्तविक पंचायत बैठकों में गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क निर्माण, स्वच्छता, रोजगार, सामाजिक न्याय, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाती है।

विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार चौधरी ने कहा कि ग्राम सभा सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए एक प्रभावी मंच है, जहाँ जनभागीदारी के माध्यम से विकास की नींव रखी जाती है। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने छात्रों बादल, ईशा, प्रकृति आदि के प्रदर्शन की सराहना की। विशेष रूप से छात्र मुखिया सक्षम सोना और ग्रामीण भूमिका निभाने वाले दिव्यांग छात्र आशिष कुमार की प्रशंसा करते नहीं थके।
पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक—बीसी झा, अमूल्य कुमार वर्मा, डॉ. देवेंद्र सिंह, अजीत कुमार, आरएस राणा, उमेश कुमार, कृष्ण सरकार, पशुपतिनाथ पांडेय, केपी झा, नवनीत शुभम, रश्मि मरांडी और प्रेक्षा शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
















