


नवगछिया : बिहपुर स्थित एनडीए कार्यालय में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की बैठक सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक इं. शैलेंद्र की उपस्थिति रही, जबकि बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम द्वारा किया गया।
बैठक में रविवार को प्रसारित होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 131वें संस्करण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। विधायक ने कहा कि हर बार की तरह इस बार भी बिहपुर विधानसभा क्षेत्र ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के मामले में पूरे राज्य में अव्वल रहेगा।
उन्होंने बताया कि रविवार को बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी 316 बूथों पर सामूहिक रूप से ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देशवासियों के हृदय तक पहुंचता है और इसके माध्यम से प्रधानमंत्री खेल, कृषि, शिक्षा, विज्ञान, उद्योग सहित देश के सर्वांगीण विकास से जुड़े विषयों पर संवाद करते हैं।
कार्यशाला में विधानसभा क्षेत्र के तीनों प्रखंडों के सभी छह मंडल अध्यक्षों एवं बूथ अध्यक्षों ने भाग लिया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने बूथ स्तर पर कार्यक्रम सुनने के बाद उसकी तस्वीरें पार्टी के आधिकारिक ऐप पर अपलोड करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम को दिनेश यादव, रूपेश रूप, कुमार गौरव, दिलीप महतो, ब्रजेश चौधरी, दिलीप सिंह, बाल्मिकी मंडल, मेहता सच्चिदानंद, नवीन उर्फ चुन्नू चौधरी एवं चंद्रशेखर सिंह सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। वहीं सौरव सावर्ण, नीलेश, पिंटू गुप्ता, सिंटू, लालमोहन और सदानंद समेत अन्य कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।












