5
(1)

भागलपुर । मंगलवार को बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत मधुरापुर बाजार में व्यवसायियों के साथ संवाद कार्यक्रम के दौरान बिहपुर विधायक सह सत्तारूढ़ दल के सचेतक इं. शैलेंद्र ने अपराध और रंगदारी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एनडीए शासन काल में व्यवसायियों और दुकानदारों को डराने, पीटने और धमकाने का खेल अब पूरी तरह बंद होगा।

विधायक ने दो टूक शब्दों में कहा कि बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में मुझसे बड़ा दबंग या रंगदार कोई नहीं है, यह बात हर अपराधी गांठ बांध ले। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बाजार के व्यवसायी भय के माहौल में जीवन जी रहे थे, लेकिन अब यह स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिपिन पंडित के साथ हुई मारपीट की घटना को उन्होंने साधारण घटना मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह पूरे व्यवसायिक समाज को दबाने की साजिश थी।

इं. शैलेंद्र ने कहा कि जो लोग खुद को रंगदार समझते हैं, वे यह समझ लें कि बिहपुर में अब रंगदारी नहीं, बल्कि व्यवस्था चलेगी। यदि अपराध पर अंकुश नहीं लगा, तो उसे सख्ती से रोका जाएगा। जरूरत पड़ने पर कड़ी कार्रवाई से भी पीछे नहीं हटा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह जीरो टॉलरेंस वाली एनडीए सरकार है, जहां अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।

विधायक ने आगे कहा कि उन्होंने इससे पहले भी बड़े-बड़े अपराधियों से निपटा है और यह इलाका किसी की जागीर नहीं है। एनडीए शासन में डर का नहीं, बल्कि हिम्मत और कानून का राज होता है। उन्होंने व्यवसायियों को भरोसा दिलाया कि विधानसभा क्षेत्र में दुकानें डर के साये में नहीं, बल्कि सम्मान के साथ चलेंगी। जो हाथ व्यवसायियों पर उठेगा, उस पर कानून के तहत सबसे पहले कार्रवाई होगी।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय व्यवसायी उपस्थित रहे, जिन्होंने विधायक के इस कड़े रुख का स्वागत किया और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जताई।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: