



नवगछिया के बिहपुर प्रखंड के सोनवर्षा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 13 निवासी राजेश कुमार एवं अर्चना कुमारी की इकलौती पुत्री कोमल भारद्वाज ने नीट-यूजी परीक्षा 2025 में सफलता प्राप्त कर न सिर्फ अपने माता-पिता, बल्कि पूरे गांव का नाम रोशन किया है।

कोमल ने नीट-यूजी 2025 में कुल 556 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 9583 हासिल की है, जबकि सामान्य वर्ग (जनरल कैटेगरी) में उनकी रैंक 4339 रही है। शनिवार को परीक्षा परिणाम घोषित होते ही पूरे परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
रविवार को कोमल के चाचा उत्तम कुमार ने बताया कि कोमल की यह उपलब्धि पूरे गांव के लिए गर्व का विषय है। कोमल की दादी विमला देवी, माता-पिता समेत पूरे मोहल्ले में मिठाइयां बांटी गईं और लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी।

कोमल के पिता राजेश कुमार पटना स्थित जल संसाधन विभाग (WRD) में पदस्थापित हैं। कोमल ने बताया कि डॉक्टर बनना उनके माता-पिता और पूरे परिवार का सपना था। उन्होंने कहा कि मुझे डॉक्टर बनने की प्रेरणा मेरे चाचा प्रणय कुमार उर्फ मिल्टन चाचा से मिली है। पढ़ाई के दौरान परिवार ने हर मोड़ पर सहयोग और प्रोत्साहन दिया।
कोमल ने आगे कहा कि अब वह डॉक्टर बनकर अपने माता-पिता और परिवार के सपनों को साकार करना चाहती हैं। उनकी इस सफलता ने सोनवर्षा गांव को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दी है।














