



भागलपुर। एनएच-80 अब सड़क से ज्यादा जाम की पहचान बन चुका है। कहलगांव से घोघा के बीच रोजाना लगने वाला महाजाम आम जनता ही नहीं, नेताओं के लिए भी बड़ी चुनौती बन गया है। विशेषकर स्कूल समय में लगने वाला घंटों का जाम अभिभावकों के गुस्से का कारण बन जाता है। लोग सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो डालकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं।
शनिवार को भी वही नजारा देखने को मिला। धूल-मिट्टी से पटे एनएच-80 पर स्कूली बच्चे पैदल चलते हुए स्कूल पहुंचे। इसी बीच कहलगांव के भाजपा विधायक पवन कुमार यादव को भी जाम की वजह से गाड़ी छोड़ पैदल चलते देखा गया। कैमरे में कैद हुए इस नजारे पर एक युवक ने विधायक से सवाल किया – “क्या बात है विधायक जी, आप भी जाम में फंस गए हैं?” जिस पर विधायक ने तुरंत जवाब दिया – “नहीं-नहीं… हम फंसे नहीं हैं, हम तो जाम हटवा रहे हैं। सुबह सात बजे पटना से कहलगांव आए हैं, प्रशासन सक्रिय है और जाम हटाने में लगा हुआ है।”

हालांकि वीडियो बनाने वाले युवक ने लगातार कैमरा चलाए रखा, जिससे विधायक का पारा चढ़ गया। उन्होंने युवक से कहा – “गलत न्यूज़ मत चलाओ, हम सुबह से ही प्रशासन के साथ हैं।”
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी विधायक पवन कुमार यादव त्रिमुहान के पास जाम में फंसे थे। तब उन्होंने एक बाइक सवार से लिफ्ट लेकर किसी तरह भागलपुर कोर्ट पहुंचने की कोशिश की थी। उस समय उन्होंने एनएचएआई और संवेदक पर लापरवाही का आरोप लगाया था और कहा था कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं होती।

शनिवार को वे एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने भागलपुर जा रहे थे, लेकिन कहलगांव के पास महाजाम के कारण पैदल चलना पड़ा। इस दौरान उन्होंने लोगों को भी सलाह दी कि “सड़क पर एक साइड से चलें, तीन-तीन लाइन में न बढ़ें, तभी जाम से निजात मिलेगी।”
एनएच-80 की सुस्त निर्माण गति और लगातार लगने वाले जाम अब न केवल आम जनता की परेशानी हैं, बल्कि नेताओं और वीआईपी लोगों को भी सड़क की असलियत दिखा रहे हैं। सवाल यह है कि क्या अगली बार विधायक पवन कुमार यादव सिर्फ पैदल ही नजर आएंगे या फिर सड़क निर्माण में तेजी लाने के लिए कोई ठोस कदम भी उठाएंगे।












