5
(1)

भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत भागलपुर जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में चुनाव संपन्न कराने को लेकर समीक्षा भवन में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में स्वीप कार्यक्रम के तहत न्यूनतम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाने, मतदाता पर्चियों के विवरण का क्रॉस सत्यापन कराने तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए गए। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत कम रहा है, वहां ऐसे व्यक्ति या वर्ग की पहचान की जाए जिन्होंने पिछले चुनाव में मतदान नहीं किया था, ताकि उन्हें इस बार मतदान के लिए प्रेरित किया जा सके।

बैठक में बताया गया कि मतदाता पर्चियों का वितरण कार्य जारी है, जिसमें लगभग 11 लाख पर्चियां शेष हैं। प्रत्येक परिवार को मतदान संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने हेतु चार लाख मतदाता गाइड पुस्तिकाएं प्राप्त हुई हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि 2 नवंबर तक वोटर इंफॉर्मेशन स्लिप और वोटर गाइड का वितरण पूरा कर लिया जाए।

उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं (AMF) सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। मतदान कर्मियों की सुविधा के लिए उन्होंने कहा कि मतदान तिथि को फॉर्म भरने, ईवीएम कनेक्शन करने तथा मतदान दिवस की दिनचर्या और रिसीविंग सेंटर पर फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया से संबंधित छोटे-छोटे वीडियो बनाए जाएं ताकि मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण में आसानी हो।

बैठक में सामग्री कोषांग, अभ्यर्थी व्यय कोषांग, आदर्श आचार संहिता कोषांग, बज्रगृह तथा मतगणना कोषांग की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जितिन कुमार सहित सभी संबंधित कोषांगों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: