



भागलपुर। नियोजक आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत अवर प्रादेशिक नियोजनालय द्वारा राजकीय बालिका इंटर स्कूल, भागलपुर में एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। मेले में निजी क्षेत्र के कुल 30 नियोजकों ने भाग लिया, जिनके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में कुल 1443 रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। इस मेले के माध्यम से 613 अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, प्रमंडलीय नियोजन उप-निदेशक शंभुनाथ सुधाकर एवं नियोजन पदाधिकारी मीनाक्षी राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि केवल नौकरी पर निर्भर रहने के बजाय स्वरोजगार की दिशा में भी पहल करनी चाहिए, ताकि आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है, जिनका लाभ उठाकर युवा अपना भविष्य बेहतर बना सकते हैं।

हालांकि, मेले में पहुंचे कुछ अभ्यर्थियों, विशेषकर बी-टेक के छात्रों ने असंतोष भी जताया। छात्रों का कहना था कि उनके शैक्षणिक स्तर के अनुरूप रोजगार के अवसर मेले में उपलब्ध नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मेला केवल औपचारिकता बनकर रह गया है और उच्च शिक्षित युवाओं के लिए इसमें खास अवसर नहीं मिल पाए।

मेले में बड़ी संख्या में युवाओं की उपस्थिति रही। जहां एक ओर कई युवाओं को रोजगार मिला, वहीं दूसरी ओर कुछ अभ्यर्थी निराश होकर लौटते भी नजर आए।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि भविष्य में ऐसे मेलों को और अधिक प्रभावी तथा रोजगारोन्मुखी बनाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि विभिन्न शैक्षणिक स्तर के युवाओं को उनके अनुसार अवसर मिल सकें।













