


भागलपुर : भारतीय सेना द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दिए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की उपलब्धि पर भारतीय जनता पार्टी की भागलपुर इकाई ने विजय यात्रा निकाली। यह यात्रा तिलकामांझी चौक से प्रारंभ होकर आदमपुर चौक होते हुए घंटाघर चौक तक निकली। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में देशभक्ति का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था।

इस यात्रा का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष शाह ने किया। यात्रा में भाजपा के सभी मोर्चों, प्रकोष्ठों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। भारत माता की जय और सेना के समर्थन में जमकर नारे लगे।
जिला अध्यक्ष संतोष शाह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारतीय सेना ने उन शहीदों का बदला लिया है, जिनके घर के चिराग आतंकवाद की भेंट चढ़ गए थे। उन्होंने कहा कि यह केवल एक शुरुआत है और अगर पाकिस्तान ने अपनी हरकतों से बाज नहीं आया, तो उसे और भी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वयं इस ऑपरेशन पर रातभर नजर रखी और सफलता के बाद ही राहत की सांस ली।
भाजपा मीडिया पैनलिस्ट प्रीति शेखर ने कहा कि भारतीय सेना ने जो साहस दिखाया है, उस पर हर देशवासी को गर्व है।
इस विजय यात्रा के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ सेना को सलाम किया, बल्कि राष्ट्रवाद का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया। आम नागरिकों ने भी इस यात्रा में भागीदारी कर भारतीय सेना के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
