


भागलपुर : भारतीय सेना द्वारा हाल ही में सफलतापूर्वक संपन्न किए गए ऑपरेशन सिंदूर की गौरवगाथा को सम्मान देने हेतु भागलपुर में शुक्रवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा जिला स्कूल, भागलपुर से आरंभ हुई, जिसमें हजारों की संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा, दिलों में देशभक्ति और गगनभेदी नारों से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
इस यात्रा का नेतृत्व भाजपा भागलपुर के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार साह ने किया। उन्होंने बताया कि यह यात्रा भारतीय सेना के अदम्य साहस, बलिदान और समर्पण को समर्पित है। यात्रा के माध्यम से लोगों को सेना के प्रति सम्मान प्रकट करने और राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने का संदेश दिया गया।

तिरंगा यात्रा में वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, स्कूली छात्रों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम्, और जय हिंद के नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।
इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कमरू जमा अंसारी, पिरपैंती विधायक ललन पासवान और भाजपा नेता दीपक सिंह सहित कई अन्य नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और सैनिकों के प्रति सम्मान प्रकट किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार साह ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर ने देश की सुरक्षा को एक नया आयाम दिया है। यह तिरंगा यात्रा हमारी सेना के सम्मान में एक सामूहिक आभार है और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है।
