



भागलपुर । बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब का धंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा है। नवगछिया पुलिस जिला की कड़ी चौकसी के बाद भी शराब माफिया लगातार नए-नए तरीके अपनाकर शराब का कारोबार कर रहे हैं। न तो पुलिस का डर है और न ही कानून का खौफ, यही कारण है कि इनका मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है।

ताजा मामला भवानीपुर थाना क्षेत्र के मौजमाबाद वार्ड संख्या 09 स्थित पंचायत सरकार भवन बक्की से जुड़ा है, जहां शराब माफिया द्वारा रखी गई तीन पेटी विदेशी शराब चोरी हो गई। जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर रात कुख्यात शराब कारोबारी मौजमाबाद वार्ड संख्या 1 निवासी बौका चौधरी (पिता स्व. अवध चौधरी) के कब्जे वाले पंचायत सरकार भवन के कमरे से तीन पेटी विदेशी शराब चोरी कर ली गई।

इस चोरी का आरोप बौका चौधरी ने अपने ही सहयोगियों पर लगाया है। इनमें मौजमाबाद वार्ड संख्या 8 दलित टोला निवासी भोला कुमार (15 वर्ष), लाखन कुमार (10 वर्ष), नवीन कुमार (15 वर्ष) पिता रंजीत साव और छोटू कुमार (19 वर्ष) पिता रामानंद शर्मा शामिल हैं। बताया गया कि शराब चोरी के शक में बौका चौधरी ने चारों की पिटाई की। पिटाई के बाद चारों किशोरों ने रामानंद शर्मा के भूसा घर से एक पेटी शराब निकालकर सौंप दी।
इसके बावजूद बौका चौधरी ने किशोरों और उनके परिवार पर दबाव बनाया। उसने धमकी दी कि यदि दो पेटी शराब वापस नहीं लौटाई गई तो चुन्नी पासवान को 50 हजार रुपये जुर्माना देना होगा। साथ ही उसने चुन्नी पासवान के आधा दर्जन मवेशियों को कब्जे में ले लिया और दो किशोरों को बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया। इस घटना के बाद गांव के दलित समुदाय में दहशत का माहौल है। वहीं, चुन्नी पासवान घर से लापता बताया जा रहा है।
इस संबंध में नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश ने कहा कि मामले की जानकारी प्राप्त हुई है। भवानीपुर थानाध्यक्ष को जांच का निर्देश दिया गया है और जांचोपरांत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं भवानीपुर थानाध्यक्ष पुनि शंभु कुमार ने कहा कि फिलहाल इस मामले में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सत्यता मिलने पर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।













