



भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र के राजपुर इलाके में गुरुवार को एक किशोर की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अमाड़ंडा थाना क्षेत्र निवासी भावेश तांती के 13 वर्षीय पुत्र साजन कुमार के रूप में हुई है। वह कुछ दिनों पहले अपने ननिहाल सबौर आया हुआ था, जहां घर में पूजा-पाठ का आयोजन चल रहा था।

बताया जाता है कि कार्यक्रम के दौरान साजन गांव के कुछ दोस्तों के साथ घूमने के लिए पास के बहियार इलाके की ओर चला गया। इसी दौरान वह बाढ़ के पानी में चला गया और तेज बहाव में डूब गया। आसपास के लोगों ने जब तक उसे पानी से बाहर निकाला, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। लगभग 45 मिनट की खोजबीन के बाद किशोर का शव बरामद किया गया। सबौर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मायागंज अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।

मृतक के पिता भावेश तांती ने बताया कि उनका बेटा अपने ननिहाल गया हुआ था और वहीं से दोस्तों के साथ घूमने चला गया था। उन्होंने कहा कि जब तक वे लोग घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। साजन दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि मां बेटे की मौत के बाद से बेसुध हैं।
सबौर थाना अध्यक्ष सूबेदार पासवान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।













