



नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र के रंगरा निवासी पवन कुमार जायसवाल (53 वर्ष) साइबर ठगों का शिकार हो गए। ठगों ने उन्हें पार्सल अपडेट कराने का झांसा देकर उनके बैंक खाते से कुल ₹47,588 की अवैध निकासी कर ली।
पीड़ित पवन कुमार ने बताया कि 09 जनवरी 2026 को उनके मोबाइल नंबर पर 7439716081 से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को पार्सल डिलीवरी कंपनी का कर्मचारी बताया और कहा कि उनके पते की जानकारी अपडेट करनी है। इसके बाद उन्होंने व्हाट्सऐप पर जरूरी जानकारी भेजने के लिए कहा। इसी दौरान उनका मोबाइल अचानक हैंग हो गया।

करीब 30 मिनट बाद जब मोबाइल चालू हुआ, तो उन्हें अपने खाते से रकम गायब होने का पता चला। जांच में सामने आया कि उनके बैंक खाते संख्या 11733127003 से दो बार अवैध निकासी हुई—पहली बार ₹27,588 और दूसरी बार ₹20,000।
घटना के बाद पवन कुमार ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसका कंप्लेंट आईडी 30501260002878 है। इसके साथ ही उन्होंने साइबर थाना नवगछिया में लिखित आवेदन देकर जांच और चोरी गई राशि की वापसी की मांग की।

इस संबंध में साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने लोगों से चेतावनी दी है कि वे किसी भी अनजान कॉल, लिंक या संदेश के झांसे में न आएं और अपने ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी को भी इसी तरह की सूचना मिले, तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएँ।
















