


नवगछिया : वार्षिक माध्यमिक परीक्षा के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में नवगछिया स्थित बीएलएससी कॉलेज, नवगछिया परीक्षा केंद्र पर प्रतिनियुक्त 11 वीक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही अगले आदेश तक सभी संबंधित शिक्षकों के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी गई है।
इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्षिक माध्यमिक परीक्षा के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति वीक्षक के रूप में उक्त परीक्षा केंद्र पर की गई थी। केंद्राधीक्षक एवं गश्ती दल दंडाधिकारी द्वारा सूचित किया गया कि 17 फरवरी को प्रथम पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद संबंधित वीक्षक बिना केंद्राधीक्षक की अनुमति लिए परीक्षा केंद्र छोड़कर चले गए।
अधिकारियों के अनुसार वीक्षकों के अचानक केंद्र छोड़ने से परीक्षा संचालन व्यवस्था प्रभावित हुई और प्रशासनिक कार्य में व्यवधान उत्पन्न हुआ। इसे परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण दायित्व के निर्वहन में गंभीर लापरवाही माना गया है।
जिन वीक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है, उनमें सविता रंजन (टी.एन. उच्च विद्यालय रंगराचौक), प्रिया घोष (उत्क्रमित मध्य विद्यालय बाबू टोला कमलाकुंड), वीण कुमारी (मध्य विद्यालय नारायणपुर), संस्कृति (उच्च विद्यालय मधुरापुर), प्रगति कुमारी (उच्च माध्यमिक विद्यालय बिहपुर), पल्लवी प्रिया (राजकीय मध्य विद्यालय अमरपुर), नेहा कुमारी (उत्क्रमित मध्य विद्यालय बिहपुर), नीखत सवया (एबीसी उच्च विद्यालय लत्तीपाकर, गोपालपुर), जूली कुमारी (मध्य विद्यालय खगड़ा), पूजा कुमारी (इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय नवगछिया) तथा मंजू मेघा (उच्च विद्यालय गौरीपुर लत्तीपुर, बिहपुर) शामिल हैं।
सभी संबंधित वीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि पत्र प्राप्ति के साथ ही केंद्राधीक्षक के माध्यम से अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 तथा बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के प्रावधानों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 17 फरवरी से अगले आदेश तक सभी संबंधित वीक्षकों का वेतन स्थगित रहेगा।














