



भागलपुर। परबत्ता थाना क्षेत्र के राघोपुर बिन्दटोली में अवैध देशी शराब की खरीद-बिक्री की सूचना पर 12 सितंबर को एएलटीएफ टीम, नवगछिया द्वारा छापामारी की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए संजीत महतो उर्फ कनबूजा और शिव कुमार महतो को 2.5 लीटर देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया।

इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और अचानक पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में पुलिस के दो कर्मी घायल हो गए और एक पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस के हाथों से बरामद शराब और गिरफ्तार अभियुक्तों को छुड़ा लिया और भागने में सफल रहे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर परबत्ता थाने में तत्काल विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में थानाध्यक्ष परबत्ता और थाना के अन्य पदाधिकारी शामिल थे। विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों में इस कांड में संलिप्त कुल आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इसमें एक महिला भी शामिल थी। महिला अभियुक्त के घर से 2.5 लीटर देशी शराब भी बरामद की गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों में डोमन महतो, पवन कुमार, दिलिप महतो, उमेश महतो, राजकुमार सिंह, रूपेश महतो और रविन्द्र महतो शामिल हैं। सभी अभियुक्त राघोपुर बिन्दटोली के निवासी हैं। कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है।
इस घटना के संबंध में परबत्ता थाना में कांड संख्या 153/25 दिनांक 12.09.25 के तहत धारा 191(2), 190, 115(2), 324(4), 109(1), 132, 262, 263(ए), 121(1), 352 बीएनएस और बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 तथा प्रोपर्टी डैमेज एक्ट के तहत कुल 19 नामजद और 20 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।













