


नवगछिया थाना क्षेत्र के बनारसी लाल सर्राफ कॉलेज रोड में बीएसएफ जवान की पत्नी की संदेहास्पद स्थिति में मौत
नवगछिया पुलिस जिला क्षेत्र के नवगछिया थाना अंतर्गत एनएच 31 के समीप बनारसी लाल सर्राफ कॉलेज रोड में बीएसएफ जवान दिलीप पासवान की तीसरी पत्नी लाडली कुमारी ने सोमवार की दोपहर अपने घर के छत पर बने अर्धनिर्मित मकान में अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका लाडली कुमारी पिछले समय से पति की प्रताड़ना और पारिवारिक तनाव से परेशान थी।
जानकारी के अनुसार, बीएसएफ जवान दिलीप पासवान की शादी 2020 में कटिहार जिले के चांदपुर पोठिया निवासी संजय पासवान की पुत्री लाडली कुमारी से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। शादी के समय दिलीप पासवान ने उन्हें बताया था कि वह कुंआरा हैं। शादी के कुछ समय बाद लाडली कुमारी को पता चला कि दिलीप पासवान की एक दूसरी पत्नी नवगछिया थाना क्षेत्र में अलग घर में रहती है। इस तथ्य के सामने आने के बाद पति-पत्नी के बीच लगातार अनबन होती रही।
परिवारिक जानकारी के अनुसार, दिलीप पासवान की पूर्व में भी एक शादी हुई थी, जिनकी पत्नी आठ वर्ष पूर्व रंगरा थाना मदरौनी के पास सड़क दुर्घटना में निधन हो गई थी।
पहली पत्नी की मृत्यु के बाद सात वर्ष पूर्व उन्होंने दूसरी शादी नवगछिया थाना क्षेत्र की सरिता देवी से की। इसके बाद फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर दोस्ती फिर तीसरी शादी लाडली कुमारी से की।
सूत्रों ने बताया कि दिलीप पासवान दोनों पत्नियों को एक साथ रहने के लिए कहता था, जिससे दंपती में विवाद लगातार बढ़ता गया। दिलीप पासवान का पैत्रिक आवास रंगरा थाना क्षेत्र के ज्ञानी दास टोला तिनटंगा में है। उन्होंने लाडली कुमारी के लिए नवगछिया के बीएलएस कॉलेज रोड में जमीन खरीदकर नया घर बनवाया। नए घर का गृह प्रवेश छह दिसंबर को हुआ। इसके बाद 11 दिसंबर को दिलीप पासवान राजस्थान में अपनी बीएसएफ ड्यूटी पर चले गए।
घरेलू स्थिति के अनुसार, घर में लाडली कुमारी अपनी छोटी बहन के साथ रहती थी। लाडली कुमारी के दो छोटे बच्चे हैं, बेटी ज्योति कुमारी (तीन वर्ष) और पुत्र समीर कुमार (एक वर्ष)। घटना वाले दिन लाडली कुमारी कपड़ा सुखाने के लिए घर की छत पर गई थी। वहां उन्होंने अर्धनिर्मित घर की रेलिंग से ही जीवन लीला समाप्त कर लिया ।
घटना से स्थानीय लोग और परिजन सदमे में हैं। नवगछिया थाने की पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भेजा गया और छानबीन शुरू कर दी गई। फिलहाल मृतका का शव नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतिका के मायके और ससुराल के लोग घटना स्थल पर पहुंच चुके हैं और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।












