



भागलपुर। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के पीजी छात्रावास में हर दिन सांप निकलने की घटनाओं ने छात्राओं की नींद उड़ा दी है। छात्रावास में रह रही छात्राएं दहशत में हैं और दिन-रात सतर्कता के साथ जीवन जीने को मजबूर हैं।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की विश्वविद्यालय मंत्री विष्णुप्रिया ने बताया कि बीते कुछ दिनों से हॉस्टल के अलग-अलग हिस्सों, खासकर वॉशरूम में सांप निकल रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज भी एक सांप निकला, जिससे छात्राओं में डर का माहौल और गहरा गया।

विष्णुप्रिया ने बताया कि छात्रावास की इन समस्याओं को लेकर पूर्व में विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन भी दिया गया था, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि बाढ़ और जलजमाव के चलते सांपों का निकलना बढ़ गया है, और सफाई के अभाव में स्थिति और गंभीर हो गई है।
उन्होंने मांग की कि विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द से जल्द छात्रावास की सफाई कराए और सुरक्षा के उपाय करे, ताकि कोई बड़ी दुर्घटना न हो। छात्राएं अब खुद को ‘साँप-सावधान एक्सपर्ट’ बताकर डर के साए में जी रही हैं।













