



भागलपुर। भागलपुर फोटोग्राफर एसोसिएशन द्वारा रेशम भवन में आयोजित फोटो वर्कशॉप का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि फोटोग्राफी एक कला है और इसमें दक्षता प्राप्त कर युवाओं को रोजगार का बेहतर अवसर मिल सकता है।

उन्होंने कहा कि एक अच्छा फोटोग्राफर जानता है कि किसी भी दृश्य को किस एंगल से कैद करना है। उन्होंने संगठन से आग्रह किया कि वह नई पीढ़ी के फोटोग्राफरों को प्रशिक्षित करने की दिशा में कार्य करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि भागलपुर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं — जैसे सुल्तानगंज का विश्व प्रसिद्ध मेला, विक्रमशिला महाविहार, डॉल्फिन क्षेत्र आदि। इन स्थलों को प्रमोट करने में फोटोग्राफी एक अहम भूमिका निभा सकती है। उन्होंने सुझाव दिया कि फोटोग्राफी को स्थानीय रोजगार से जोड़ना चाहिए ताकि यहां के फोटोग्राफरों की मांग राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे।

उन्होंने यह भी कहा कि कई लोग फोटोग्राफी को शौक के रूप में अपनाते हैं, लेकिन एक अच्छा फोटोग्राफर जब कोई तस्वीर खींचता है और वह किसी स्क्रीन पर दिखाई देती है तो मन प्रसन्न हो उठता है। उन्होंने भागलपुर फोटोग्राफर एसोसिएशन को इस तरह की रचनात्मक कार्यशाला आयोजित करने के लिए धन्यवाद दिया।
वर्कशॉप के अंतर्गत एक प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसमें कैमरा लेंस, रंगीन प्रिंटर, एनटीआर एल्बम, कैमरा साफ करने की मशीन आदि के स्टॉल लगाए गए हैं। खास बात यह रही कि प्रदर्शनी में कैमरे की सफाई निःशुल्क की जा रही है।
इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग, भागलपुर प्रमंडल के संयुक्त निदेशक नागेंद्र कुमार गुप्ता भी मौजूद थे।













