



भागलपुर में तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वैन ने एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना हबीबपुर थाना क्षेत्र के चौक और हबीबपुर थाना के बीच स्थित गैस एजेंसी के पास हुई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को मायागंज अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के अनुसार, ऑटो कजरेली की ओर से भागलपुर आ रहा था। इसी दौरान भागलपुर की ओर से कजरेली जा रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने ऑटो को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया और चालक मौके से फरार हो गया।

घटना के समय ऑटो में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। एक घायल की स्थिति नाजुक होने पर उसे मायागंज अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान निखत (12) और उसकी बड़ी बहन रिफत (16) सहित अन्य यात्रियों के रूप में हुई है। दोनों बहनें हर गुरुवार मौलानाचक फातिया पढ़ने जाती थीं और हादसे के वक्त भी उसी उद्देश्य से यात्रा कर रही थीं।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुँचे। एक युवती की नस कटने से अत्यधिक खून बहा, जबकि दूसरी के सिर में गंभीर चोट आई। तीसरी घायल के सीने में गहरी चोट लगने के कारण उसे तुरंत पटना रेफर किया गया।
घायल किशोरी रिफत ने बताया, “हम कजरेली से भागलपुर जा रहे थे। डाउट बाउट चौक के पास हिंदुस्तान पेट्रोलियम के बड़े वाहन ने अचानक ऑटो में टक्कर मार दी और फरार हो गया। हम सभी सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने हमें उठाया और अस्पताल पहुँचाया।”
इधर, हादसे के तुरंत बाद ऑटो चालक भी मौके से गायब हो गया। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच कर रही है। अधिकारी पिकअप वैन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी की जांच कर रहे हैं ताकि आरोपी चालक को जल्द पकड़ा जा सके।
















