



भागलपुर : बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत भागलपुर जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में चुनाव संपन्न कराने तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र के इंटर स्तरीय शेरमारी उच्च विद्यालय में स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने सहभागिता की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और नागरिकों को सभी चुनावों में नैतिक मतदान करने की शपथ दिलाई। जिलाधिकारी डॉ. चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिनका नाम मतदाता सूची में है, उन्हें मतदान के दिन घर से बाहर निकलकर वोट डालने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने बच्चों के साथ संवाद करते हुए मतदान की प्रक्रिया पर रोचक प्रश्न पूछे। उन्होंने पूछा, “मतदान करने के लिए क्या करना होता है?” बच्चों ने जवाब दिया, “बटन दबाना होता है।” फिर उन्होंने पूछा, “कितनी उंगली से बटन दबाते हैं?” बच्चों ने कहा, “एक उंगली से।” जिलाधिकारी ने मुस्कुराते हुए कहा, “एक उंगली से एक मिनट में मतदान कीजिए और पांच साल के लिए निश्चिंत रहिए। अगर इस एक मिनट में मतदान नहीं किया, तो अगले पांच साल तक पछतावा रहेगा।”
उन्होंने उपस्थित सभी को प्रेरित किया कि वे मतदाता जागरूकता के दूत बनें और लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें ताकि लोकतंत्र मजबूत हो सके।

इस अवसर पर स्वीप के वरीय पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, कहलगांव के डीसीएलआर मो. सरफराज नवाज, अन्य प्रशासनिक अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
















