


भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पीरपैंती थाना अंतर्गत ग्राम मलिकपुर, तुरी टोला की रहने वाली एक महिला ने थाने में पदस्थापित SI राज नारायण सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
पीड़िता के अनुसार, 23 फरवरी 2025 को पड़ोसी से हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों की ओर से पीरपैंती थाने में मामला दर्ज किया गया था। उस समय महिला के पति रोजगार के सिलसिले में मुंबई में कार्यरत थे और किसी वाहन को चलाने का काम करते थे। बावजूद इसके, उनके पति का नाम भी मामले में जोड़ दिया गया था, जिसे बाद में तत्कालीन कहलगांव DSP-2 अर्जुन कुमार गुप्ता द्वारा FIR से हटाया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उनके पति बाहर थे और ससुर जेल में थे, तब SI राज नारायण सिंह मध्य रात्रि में उनके घर में घुसकर सोते समय कंबल उठाकर देखने जैसी आपत्तिजनक हरकत की। महिला ने यह भी दावा किया कि केस से नाम हटाने के एवज में SI को 15 हजार रुपये दिए गए थे।
पुलिसिया कार्रवाई से त्रस्त महिला ने अपनी आपबीती वर्तमान विधायक मुरारी पासवान को बताई। शिकायत मिलते ही विधायक मुरारी पासवान पीरपैंती थाने पहुंचे और थानाध्यक्ष नीरज कुमार से पूरे मामले की जानकारी ली। विधायक ने महिला से लिए गए पैसे तत्काल वापस कराने की बात कही।
थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा देते हुए कहा कि दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला जांच के दायरे में है ।













