



भागलपुर : पीरपैंती रेफरल अस्पताल परिसर में मंगलवार को “निश्चय मित्र” अभियान के तहत 16 टीबी मरीजों को गोद लिया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. दीनानाथ के मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर एक निजी नर्सिंग होम के संचालक ने 11 मरीजों को, जबकि वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर्स (WHP) के फील्ड ऑफिसर संतोष कुमार ने 5 मरीजों को गोद लिया। इन सभी मरीजों को आगामी छह महीनों तक पौष्टिक आहार के लिए राशन की व्यवस्था की जाएगी।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के अन्य जागरूक नागरिकों को भी इस प्रकार की पहल में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के और लोग निश्चय मित्र बनकर टीबी मरीजों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
WHP के रीजनल मैनेजर धीरज कुमार ने मरीजों की स्थिति की जानकारी ली और टीबी उन्मूलन अभियान से संबंधित जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि टीबी एक संक्रामक रोग है, लेकिन समय पर जांच, नियमित दवा और पौष्टिक आहार से यह पूरी तरह से ठीक किया जा सकता है।

चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नीरज कुमार राज ने सलाह दी कि मरीज किसी भी परिस्थिति में दवा बीच में न छोड़ें और पूरे कोर्स का पालन करें।
कार्यक्रम में एसडीपीओ दो अर्जुन कुमार गुप्ता, मुखिया यादव, समीर सिंह, मोबिन, रहमान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।













