



भागलपुर । बाईपास थाना क्षेत्र के ग्राम पिस्ता में अवैध शराब बिक्री की गुप्त सूचना पर संध्या गश्ती के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अवर निरीक्षक गोपाल यादव के नेतृत्व में की गई छापेमारी में दिलीप चौधरी नामक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। पुलिस को देखकर वह भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत उसे पकड़ लिया।


तलाशी के दौरान दिलीप चौधरी के घर से दो लीटर क्षमता वाले हरे और सफेद रंग के बोतलों में करीब चार लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की गई। बाईपास थाना अध्यक्ष प्रभात कुमार शर्मा ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है, जिसके तहत अवैध शराब की बिक्री और भंडारण पूर्णतः प्रतिबंधित है।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है ताकि शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
















