



भागलपुर। घटना भागलपुर जिले के रजौन थाना क्षेत्र की है, जहाँ एक दुखद हादसे में पिता और पुत्र दोनों गैस सिलेंडर की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। मिली जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र कुमार गोस्वामी अपने घर पर खाना बना रहे थे। जैसे ही उन्होंने गैस सिलेंडर चालू कर माचिस जलाया, सिलेंडर में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते उनके शरीर में आग की लपटें फैल गईं।

अपने पिता को जलते हुए देख उनका बेटा सनी कुमार गोस्वामी उन्हें बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन आग की चपेट में वह भी आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। धर्मेंद्र कुमार गोस्वामी की पत्नी ने बताया कि उस समय वे दोनों किसी रिश्तेदार के घर गए हुए थे। जैसे ही उन्हें मोबाइल पर सूचना मिली, वे तुरंत घर पहुंचे और दोनों को आनन-फानन में भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल ले जाया गया।

चिकित्सकों ने दोनों की हालत को गंभीर बताया है और फिलहाल बाप-बेटे का इलाज जारी है। अस्पताल प्रशासन ने प्राथमिक उपचार के बाद कहा है कि झुलसने की गंभीरता को देखते हुए उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।
यह घटना एक बार फिर गैस सिलेंडर के प्रयोग में सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर करती है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से अपील की जा रही है कि वे इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाएं।













