



नवगछिया। ऑनलाइन ठगी का एक और मामला सामने आया है, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर भेजी गई फर्जी एपीके फाइल डाउनलोड करते ही रंगरा के एक व्यक्ति के बैंक खाते से एक लाख 67 हजार रुपये की साइबर ठगी कर ली गई। पीड़ित ने मामले को लेकर नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है तथा साइबर थाना को भी इसकी सूचना दी गई है।

जानकारी के अनुसार रंगरा निवासी मो. जुम्मन के मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें “पीएम आवास योजना 2026” लिखकर योजना का लाभ दिलाने का दावा किया गया था। संदेश में लाभ प्राप्त करने के लिए एक एपीके फाइल डाउनलोड करने का लिंक भेजा गया था। योजना का फायदा मिलने की उम्मीद में पीड़ित ने उक्त फाइल अपने मोबाइल में डाउनलोड कर इंस्टॉल कर लिया।
एपीके फाइल इंस्टॉल करते ही मोबाइल फोन अचानक हैंग हो गया और व्हाट्सएप, कॉलिंग तथा गूगल समेत कई जरूरी ऐप काम करना बंद कर दिए। कुछ देर बाद पीड़ित के परिचितों ने बताया कि उसके मोबाइल नंबर से संदिग्ध मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिससे वह घबरा गया।

इसके बाद जब पीड़ित ने अपने बैंक खाते की जांच की तो पता चला कि खाते से एक लाख 67 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई है। ठगी का एहसास होते ही उसने तत्काल पुलिस से संपर्क किया और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को साइबर ठगी से जुड़ा बताते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी योजना के नाम पर भेजे गए अज्ञात लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड न करें, क्योंकि साइबर अपराधी इसी तरीके से लोगों के मोबाइल और बैंक खातों तक पहुंच बना रहे हैं।













