



भागलपुर। समीक्षा भवन, भागलपुर में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी (e-KYC) एवं किसान रजिस्ट्री से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि PM-KISAN योजना से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से ई-केवाईसी एवं किसान रजिस्ट्री के कार्यों को पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपादित करने पर जोर दिया, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

जिलाधिकारी ने यह भी चेतावनी दी कि भविष्य में इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सभी अंचल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों और कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।
वहीं जिला प्रशासन द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे अपने नजदीकी प्रखंड अथवा अंचल कार्यालय से संपर्क कर PM-KISAN ई-केवाईसी एवं किसान रजिस्ट्री से संबंधित कार्य शीघ्र पूर्ण कराएं, ताकि उन्हें योजना का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त हो सके।













