



भागलपुर : तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) के पीजी हॉस्टलों में बुधवार को प्रशासन ने सख्त अभियान चलाते हुए लंबे समय से चले आ रहे अवैध कब्जों को हटाया। सुबह से ही सदर SDO विकास कुमार, सिटी DSP वन अजय कुमार चौधरी, DSW प्रो. अर्चना कुमारी और प्रॉक्टर प्रो. एस.डी. झा के नेतृत्व में टीम हॉस्टल परिसर पहुंची और कमरों की जांच शुरू की।

कार्रवाई के दौरान जिन कमरों पर अवैध रूप से कब्जा जमाया गया था, उनके ताले तोड़कर विश्वविद्यालय प्रशासन ने नए ताले लगवाए। इससे हॉस्टलों पर संस्थान का नियंत्रण एक बार फिर से मजबूत हुआ। प्रशासनिक सख्ती का असर ऐसा रहा कि कई कब्जाधारियों ने कार्रवाई शुरू होने से पहले ही हॉस्टल खाली कर दिया।
पूरे अभियान के दौरान पुलिस बल और मजिस्ट्रेट मौजूद रहे, जिससे पूरी प्रक्रिया बिना किसी विवाद या हंगामे के शांतिपूर्वक संपन्न हुई। खास बात यह रही कि छात्र नेताओं ने भी प्रशासन को सहयोग दिया, जिससे व्यवस्था बनाए रखने में बड़ी सुविधा मिली।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि हॉस्टलों में अब अनुशासनहीनता या नियमों के उल्लंघन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध कब्जा हटाने की यह कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी, जिससे हॉस्टल व्यवस्था को पूरी तरह सुव्यवस्थित किया जा सके।















