



नवगछिया। गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत सैदपुर पंचायत स्थित ब्रहोत्तर बांध, जो पिछले वर्ष बाढ़ की विभीषिका में क्षतिग्रस्त हो गया था, एक बार फिर खतरे की जद में आ गया है। बांध की स्थिति को देखते हुए प्रखंड प्रमुख रागिनी देवी ने संभावित बाढ़ की आशंका को लेकर जिला आपदा प्रबंधन विभाग को पत्र भेजा था।
प्रखंड मुख्यालय के पास स्थित यह बांध अगर पुनः टूटता है, तो सैदपुर, गोपालपुर, डुमरिया चपरघट, कमलाकुंड सहित कई पंचायतों के साथ-साथ रंगरा प्रखंड के भी कई गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर सकता है। इसे लेकर चिंता जताते हुए प्रखंड प्रमुख ने बांध को सुदृढ़ करने की मांग की थी।

प्रखंड प्रमुख के पत्र के आलोक में भागलपुर जिला आपदा प्रबंधन के अपर समाहर्ता ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, नवगछिया के कार्यपालक अभियंता को पत्र जारी कर कृषि भूमि और जानमाल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

विधायक प्रतिनिधि निकेत बिहारी ने भी ब्रहोत्तर बांध की गंभीर स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इस बांध पर गंगा और कोशी दोनों नदियों का दबाव रहता है। यदि इसे समय रहते सुरक्षित नहीं किया गया तो प्रखंड मुख्यालय समेत दर्जनों गांव जलमग्न हो सकते हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी जल्द से जल्द बांध की मरम्मत और सुरक्षा कार्य शुरू करने की मांग की है ताकि संभावित आपदा से लोगों की जिंदगी और खेती-बाड़ी को सुरक्षित रखा जा सके।












