



भागलपुर।
जिले के शाहकुंड क्षेत्र में मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार सरकार की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। असरगंज मोड़ से लेकर मुख्य बाजार तक अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया।
प्रशासन की ओर से पहले ही संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।

कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे आईएएस अधिकारी जतिन कुमार ने बताया कि चिन्हित अतिक्रमित स्थलों को हटाने के लिए पूर्व में सूचना दी गई थी। एक दिन का अतिरिक्त समय भी दिया गया है। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर शेष अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो दोबारा बुलडोजर चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई, हालांकि स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी
















