


इलाज के दौरान अस्पताल से गायब हुआ युवक, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया
भागलपुर। जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किया गया और इलाज के दौरान वह रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। पूरे मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लापरवाही और एकतरफा जांच का गंभीर आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार कुतुबगंज निवासी मोहन मोदी ने वरीय पुलिस अधिकारियों को आवेदन देकर बताया कि उनके पुत्र रोहित कुमार और अंजली कुमारी के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। करीब छह महीने पहले किसी घटना के बाद रोहित ने अंजली को शादी का प्रस्ताव दिया, लेकिन लड़की ने इंकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि 12 मार्च की शाम साजिश के तहत रोहित को पंकज चौरसिया के घर बुलाया गया, जहां पहले से मौजूद लोगों ने गेट बंद कर उस पर डंडे, बैट और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया, उसकी आंख के ऊपर गहरा जख्म हुआ और हाथ भी टूट गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सदर अस्पताल भागलपुर में भर्ती कराया गया, लेकिन अगले ही दिन वह अस्पताल से रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। परिजनों का कहना है कि तब से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
वहीं दूसरी ओर अंजली कुमारी द्वारा रोहित के खिलाफ मामला दर्ज कराने से मामला और उलझ गया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि 14 मार्च को बबरगंज थाना में आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। 18 मार्च को हुई जांच में भी सिर्फ एक पक्ष से पूछताछ की गई, जबकि दूसरे पक्ष की बात नहीं सुनी गई।
परिजनों ने प्रशासन से रोहित की जल्द बरामदगी, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और उन्हें न्याय मिल सके।















