4.8
(4)

भागलपुर। नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रायपुर पंचायत के तेलडीहा गांव में शनिवार की रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान पल्लवी कुमारी के रूप में हुई है, जो परमानंद कुमार की बेटी थी और कुछ समय पूर्व प्रेम विवाह कर ससुराल आई थी।

घटना को लेकर मृतका के नाना ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि श्राद्धकर्म का भोज खाकर जैसे ही वे घर लौटे, उन्हें मोबाइल पर सूचना मिली कि पल्लवी की हत्या कर दी गई है। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि पल्लवी मृत पड़ी थी। परिजनों का आरोप है कि पल्लवी की हत्या उसके पति, सास, ससुर और ननद ने मिलकर गला दबाकर की है।

बताया गया कि पल्लवी ने अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था, और शादी के बाद से ही उसे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के परिजनों ने दहेज प्रताड़ना सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे मामला और भी संवेदनशील बन गया है।

घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

मृतका के माता-पिता, भाई-बहन और नाना-नानी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों की मांग है कि दोषियों को कड़ी सजा दी जाए और निष्पक्ष जांच हो। गांव में भी घटना को लेकर आक्रोश और शोक का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। वहीं प्रेम विवाह और पारिवारिक विवाद की दिशा में भी जांच की जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 4.8 / 5. Vote count: 4

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: